नानकमत्ता में पुलिस पर हमला करने वाले तीन आरोपियों में से पुलिस द्वारा गिरफ्तार दो आरोपी।
- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता। मियां बीवी का विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर आरोपी पति ने हमला कर दिया। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों को लाठियों से पीटा, जिससे दरोगा घायल हो गया। हमलावरों ने दरोगा की कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। एसआई ने सीएचसी में इलाज करा पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
मंगलवार को आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना मिली कि ग्राम बरकीडांडी के गोला पीपल में जसपाल सिंह अपने घर में तोड़फोड़ कर पत्नी से मारपीट कर रहा है। सूचना पर एसआई जगत सिंह भंडारी, कांस्टेबल दिनेश चंद के साथ निजी कार से मौके पर पहुंचे। एसआई ने पत्नी सुरजीत कौर से मारपीट कर रहे जसपाल सिंह पकड़कर कार में बैठाना चाहा।
इस पर आरोपी ने अपने चचेरे भाइयों चिम्मन सिंह व कुलविंदर सिंह के साथ एसआई से अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। एसआई और पुलिस कर्मी द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोगों को एकत्र होता देख आरोपियों ने लाठी डंडे से हमलाकर कार का बोनट और शीशा क्षतिग्रस्त कर जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष योगेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायल एसआई जगत सिंह भंडारी ने सीएचसी नानकमत्ता में अपना इलाज करा थाने पहुंच तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
बुधवार को पुलिस टीम ने गांव में छापा मारकर आरोपी चिम्मन सिंह तथा कुलविंदर सिंह को पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी जसपाल सिंह अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष योगेश कुमार, एसआई नवीन बुधानी, जगत सिंह भंडारी, कांस्टेबल वोबिन्दर कुमार, गिरीश मठवाल, विनीत कुमार आदि थे। (संवाद)