रुद्रपुर। असत्य पर सत्य का प्रतीक विजय दशमी का पर्व जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया गया। रुद्रपुर के गांधी पार्क में देर शाम कलाकारों ने राम और रावण युद्ध का मंचन किया। इसके बाद राम ने रावण का वध किया और हजारों दर्शकों के बीच गांधी पार्क में रखे गए रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले का दहन किया गया। 40 सेकेंड में ही रावण का 60 फुट ऊंचा पुतला दहन हो गया। वहीं ओमेक्स कालोनी, मेट्रोपोलिस कालोनी में भी रावण के पुतले जलाए गए।
शुक्रवार की शाम श्री रामलीला कमेटी, श्री सनातन धर्म युवा मंच व श्री राम नाटक क्लब की ओर से दशहरा पर्व का आयोजन किया गया। रामलीला मैदान से राम-रावण युद्ध की शुरूआत हुई। गाजेबाजे के साथ कलाकार पांच मंदिर, मुख्य बाजार होते हुए युद्ध का मंचन करते हुए गांधी पार्क में बनाए गए स्टेज पर पहुंचे। यहां उपस्थित जनसैलाब ने स्टेज पर रावण वध की लीला का मंचन देखा। उसके बाद रावण के भाई विभीषण ने गांधी पार्क में बनाए गए रावण परिवार के पुतले को अग्नि दी। रावण परिवार के पुतले दहन होने के बाद गांधी पार्क में दर्शकों के बीच अफरातफरी मच गई। दर्शकों ने सुरक्षा के लिए लगाईं बल्लियां फांदी और रावण परिवार के पुतले जलने के बाद बची लकड़ियों को बटोरने के लिए धक्कामुक्की की। दर्शक लकड़ियां लेकर इधर-उधर भागने लगे। लोगों को काबू करने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। पुतले दहन होने के एक घंटे बाद तक गांधी पार्क में चहल-पहल रही।
वहां मुख्य अतिथि कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज बेहड़, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, एसडीएम प्रत्युष सिंह, एसपी सिटी ममता बोहरा, एसपी क्राइम मिथलेश कुमार, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, राजेश छाबड़ा, राकेश सुखीजा, विजय विरमानी, चिराग कालरा आदि थे। वहीं इंदिरा कालोनी में रावण के पुतले का दहन हुआ। वहां विधायक राजकुमार ठुकराल, कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा आदि मौजूद रहे।
एलआईयू दरोगा का पर्स चोरी, पांच हजार रुपये उड़ाए
रुद्रपुर। गांधी पार्क में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हुए एलआईयू दरोगा नरेंद्र मलवाल का उचक्कों ने पर्स पार कर लिया। मलवाल ने बताया कि पर्स में पांच हजार रुपये थे। बताया कि पुतला दहन के दौरान गांधी पार्क में उनकी ड्यूटी लगी थी। इसके अलावा कुछ और लोगों के पर्स चोरी हुए। (संवाद)
रुद्रपुर गांधी पार्क में धूं-धूं कर जलता रावण का पुतला।- फोटो : RUDRAPUR