खटीमा के जादौपुर गांव में शुक्रवार रात बंधक बनाकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी मामा-भांजे को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त लाठी, डंडे और सरिया भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुरानी रंजिश और अवैध संबंधों के कारण अनिल की हत्या को अंजाम दिया।
जादौपुर निवासी अनिल सिंह (27) पुत्र जगत सिंह की शुक्रवार रात गांव के कुछ लोगों ने बंधक बनाने के बाद लाठी, डंडों और सरिया से पीटकर हत्या कर दी थी। मृतक के बड़े भाई कमलजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के कृष्ण सिंह, उसके भांजे सुमित सिंह, भाभी सुंदरवती और कुछ अन्य लोगों ने अनिल को बंधक बनाकर पीटा था, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश में दबिश दी।
ये पढ़ें- नशे पर नकेल: ऊधमसिंह नगर जिले में 30 किलो स्मैक पहुंचा चुका है शानू, जांच में जुटी पुलिस
सीओ विमल रावत ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देशन पर पुलिस टीमों का गठन किया गया और फोरेंसिक टीम की मदद ली गई। हत्या की घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी कृष्ण सिंह और सुमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी, डंडे और सरिया भी बरामद की।
बताया कि आरोपियों ने कमरे में अनिल सिंह के हाथ बांधे और मुंह पर कपड़ा ठूंसकर लाठी-डंडे से उसे पीटा। साथ ही गर्म सरिया से गोदकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस कारण उसकी मौत गई थी।
सीओ ने बताया कि आरोपियों की परिचित महिला से अनिल के संबंध होने और विरोध करने पर उसके सुमित के साथ मारपीट से ये लोग उससे रंजिश रखने लगे थे। इसी कारण उन्होंने हत्या को अंजाम दिया। सीओ रावत ने बताया कि मामले में नामजद महिला की संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस टीम को कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी, एसएसआई विनोद जोशी, दरोगा ललित बिष्ट, किशोर पंत आदि थे।