लंबे संघर्ष के बाद नैनीताल जिले के अंतर्गत बरहैनी रेंज में एयरपोर्ट बनाने को लेकर कवायद शुरू हो गई है। बरहैनी में एयरपोर्ट की संभावना तलाशने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की एक टीम 29 मई को प्री. फिजिबल (प्रारंभिक) सर्वे करने जा रही है। बरहैनी में एयरपोर्ट के लिए संघर्ष कर रहे समाजसेवी केशव कुमार पासी ने बताया कि सर्वे टीम में नई दिल्ली स्थित एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्लानिंग विभाग के तीन अधिकारी शामिल रहेंगे।
किसी नए स्थान पर एयरपोर्ट बनाने के लिए प्रारंभिक रूप से 35 बिंदुओं पर अध्ययन किया जाता है। इसमें मुख्यत: प्रस्तावित एयरपोर्ट स्थल की समुद्र तल से ऊंचाई इसके आसपास बहुमंजिला इमारतों की स्थिति, आसपास धुआं छोड़ने वाले कारखानों की स्थिति, वातावरण में आद्रता एवं वायु के दबाव की स्थिति, प्रस्तावित स्थल की मिट्टी एवं विजिबिलिटी आदि का अध्ययन शामिल है।
यह सर्वे बरहैनी वन रेंज में किया जाएगा। सर्वे का कार्य तीन दिन तक चलेगा। उन्होंने बताया कि बरहैनी में एयरपोर्ट का सर्वे कराने को लेकर राज्य सरकार एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी के बीच सहमति बन चुकी है। प्रदेश के मुख्य सचिव एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी के चेयरमैन के बीच 12 अप्रैल को देहरादून में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था।
पासी ने बरहैनी में एयरपोर्ट का सर्वे शुरू कराने पर नागरिक उड्डयन, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों और मुख्यमंत्री का आभार भी जताया है।
छह सदस्यों की टीम करेगी प्रारंभिक सर्वे
29 मई को नैनीताल के जिले अंतर्गत बरहैनी जंगलात क्षेत्र में नए एयरपोर्ट बनाने के लिए प्रारंभिक भूमि सर्वे करने के लिए छह सदस्यों की टीम आ रही है। छह सदस्य टीम में नई दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी प्लानिंग विभाग के तीन बड़े अधिकारी भी शामिल रहेंगे।
- संजीव कुमार सिंह, निदेशक एयरपोर्ट, पंतनगर।