जसपुर। बीआरसी के एक कक्ष को सील करने के बाद दोषी अध्यापकों पर कभी भी कार्रवाई हो सकती है। शिक्षा विभाग की टीम ने जांच के दायरे को और बढ़ा दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) ने उप-शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) जसपुर से दोषी अध्यापकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति रिपोर्ट मांगी है। नव वर्ष-2025 पर बीआरसी प्रांगण में कुछ अवैध गतिविधियों की सूचना डीईओ कार्यालय को मिली थी।
इस पर डीईओ हरेंद्र कुमार मिश्र ने बीआरसी कार्यालय से एक सप्ताह तक के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो तलब किए थे लेकिन कार्यालय में लगे सीसीटीवी के डीवीआर से 30 दिसंबर से लेकर आठ जनवरी तक के सभी वीडियो और सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दिए गए।
बीईओ कार्यालय से सटे प्राथमिक स्कूल के कमरे पर अवैध कब्जा किए जाने समेत कई शिकायतों को संज्ञान लेकर डीईओ ने मामले में तीन सदस्य कमेटी गठित कर जांच बैठा दी।
इसी क्रम में डीईओ ने एबीईओ को कक्ष खाली कराकर सील करने के आदेश भी दिए और मामले से संबंधित दोषी अध्यापकों पर दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति रिपोर्ट भी मांगी।
एबीईओ सीताराम कछारी ने बताया कि डीईओ के आदेश पर कक्ष को खाली कराकर सील कर दिया गया है। दोषी अध्यापकों पर दंडात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजने की कार्रवाई की जा रही है।