रुद्रपुर। अव्यवस्थाओं के बीच किराए में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में अब बच्चों को सहूलियतें मिलने की उम्मीद है। सरकार ने किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया बढ़ा दिया है। बढ़े हुए किराया का लाभ लेने के लिए मानक के दायरे का भवन होना जरूरी है।
छह वर्ष से कम आयु के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जाता है। वर्तमान में जिले में 2191 केंद्र संचालित हैं, मगर इनमें 1043 केंद्र किराए के भवनों में अव्यवस्था के बीच संचालित हैं। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में किराया 200 और शहरी क्षेत्र में 750 रुपए प्रतिमाह है। महंगाई को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम 750 और शहरी क्षेत्रों में तीन हजार रुपए किराया मिल सकेगा। हालांकि अधिकतम किराया लेने के लिए भवनों को हवादार और 30 बच्चों के बैठने की क्षमता का होना जरूरी है। साथ ही भवनों में बाल शौचालय, बच्चों के आने के लिए नजदीक व स्वच्छ पेयजल होना चाहिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ललिता वर्मा ने किराया बढ़ने के संबंध में पत्र मिलने की पुष्टि की है।