सितारगंज। चालक की नौकरी करने वाला मालिक को 5.60 लाख रुपये का चूना लगा गया। उसने अपने एक अन्य साथी के साथ पासबुक चुराकर मालिक के खाते से चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर दो बार में 5.60 लाख रुपये निकाल लिए और रफूचक्कर हो गए। मालिक ने चालक एवं उसके मित्र के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम उकरौली निवासी राजवीर सिंह पुत्र सुरजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि पिछले एक वर्ष से आशिकनगर थाना महलंगज तहसील मोहम्मदी जनपद लखीमपुर खीरी निवासी सतनाम सिंह उसके घर पर चालक का काम करता था। पांच नवंबर को डबल स्टोरी फैक्ट्री स्टेट कैंट थाना सदर जिला शाहजहांपुर निवासी अभिषेक सक्सेना उससे मिलने आया और रात को उसी के साथ रहा। आरोप लगाया कि छह अक्टूबर को दोनों घर में रखी कूर्मांचल नगर सहकारी बैंक लिमिटेड की पासबुक खाता संख्या-2325 एवं चेकबुक चुरा ले गए। उन्होंने चेक नंबर 003728 पर फर्जी हस्ताक्षर कर 40 हजार रुपये निकाल लिए। कहा कि अगले दिन चेक संख्या-003729 से पांच लाख 20 हजार की धनराशि निकाली।
कहा कि घर में पासबुक एवं चेकबुक न मिलने पर बीते शनिवार को जब बैंक जाकर जानकारी ली तो कर्मचारी ने दो बार में 5.60 लाख का ट्रांजक्शन होना बताया। बैंक में लगे सीसी कैमरे की फुटेज में दोनों पैसे निकालते दिखे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 381, 420, 467, 468 एवं 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।