काशीपुर। दहेज में डस्टर कार न देने पर वर पक्ष ने शादी की तिथि से एक सप्ताह पहले ही रिश्ता तोड़ दिया। इस मामले में युवती पक्ष की ओर से आईटीआई पुलिस को तहरीर सौंपी गई है। जबकि दूसरे पक्ष ने रिश्ता डेढ़ साल पहले ही खत्म हो जाने की बात कहकर उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम बरखेड़ा पांडे निवासी एक व्यक्ति ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि उसने अपनी दोनों पुत्रियों का रिश्ता तय किया था। छोटी बेटी का रिश्ता कुंडा थाने के ग्राम सरवरखेड़ा में अपने साढ़ू के बेटे से तय हुआ था। दोनों बेटियों के विवाह की तिथि आगामी 11 फरवरी नियत की गई थी। उसने छोटी बेटी के दहेज में कार देने के लिए दो लाख की रकम अपने साढ़ू को दी थी। लेकिन साढ़ू ने डस्टर कार की मांग करते हुए बारात लाने से इनकार कर दिया। जबकि शादी के कार्ड बांटे जा चुके हैं।
उधर, आरोपी साढ़ू का कहना है कि उसने अपने पुत्र का रिश्ता डेढ़ वर्ष पूर्व बरखेड़ा पांडे में अपने साढ़ू की बेटी से किया था। लेकिन कुछ समय बाद दोनों पक्षों के बीच बात बिगड़ गई। इसके चलते युवती पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। उसका कहना है कि साढ़ू की बड़ी बेटी का रिश्ता तय हुआ है। लेकिन शादी के कार्ड में उसने साजिशन दोनों बेटियों के नाम छपवा दिए। इस बारे में उन्हें अपने रिश्तेदारों व ग्रामीणों को जानकारी है। उन्होंने युवती पक्ष पर उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया है।