रुद्रपुर। जिले में कोरोना वैक्सीन की कमी के कारण शुक्रवार को वैक्सीन की पहली डोज नहीं लग सकी। रुद्रपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के टीकाकरण केंद्र के गेट पर वैक्सीन उपलब्ध न होने की सूचना चस्पा की गई थी। इसके बावजूद कई लोग वहां पहुंच गए थे जिन्हें बैरंग लौटना पड़ा। जिलेभर में सिर्फ 731 लोगों को ही दूसरी डोज लगाई गई।
इनमें 18 से 44 वर्ष तक की उम्र के 315 और 45 प्लस वाले 416 लोगों को दूसरी डोज लगी। टीकाकरण अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने कहा कि वैक्सीन आते ही तेजी से टीकाकरण शुरू किया जाएगा।
इधर, जिलेे में शुक्रवार को तीन लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई जबकि 13 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हो गए। जिले में कोरोना से मौत का आंकड़ा शून्य रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना जांच के लिए 1461 लोगों के सैंपल लिए। जिले में अब कोरोना के सक्रिय केस 48 रह गए हैं। (संवाद)