काशीपुर मंडी समिति में बैठक करते किसान।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल की शुक्रवार को मंडी में राइस मिलर्स के साथ बैठक हुई। बैठक में राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सचिन गोयल ने बताया कि इस समय 68 कच्चे आढ़ती पंजीकृत हैं, जिन्हें मिल भी आवंटित हो गई है। कच्चे आढ़ती शनिवार से धान खरीद शुरू करेंगे।
उन्होंने बताया कि 18 प्रतिशत नमी पर डेढ़ किलो, 19 प्रतिशत नमी पर साढ़े तीन किलो, 20 प्रतिशत पर पांच किलो, 21 प्रतिशत पर साढ़े छह किलो और 22 प्रतिशत नमी पर साढ़े आठ किलो की कटौती की जाएगी। इस मौके पर किसानों ने नमी और तौल पूर्ववत रखने की मांग की। भाकियू युवा के प्रदेश प्रवक्ता मनप्रीत सिंह ने बताया कि राइस मिलर्स के साथ हुई बैठक के बाद किसानों ने डीएम, एसडीएम और खाद्य विभाग के एसएमओ को ज्ञापन भेजकर कहा कि धान नमी को लेकर 2019 में राइस मिलर्स और प्रशासन के साथ हुए समझौते को लागू करने की मांग की। पिछले वर्ष धान की उपज प्रति हेक्टेयअर 70 क्विंटल निर्धारित की गई थी। जबकि इस वर्ष यह सीमा घटाकर 60 क्विंटल कर दी गई है। इसे पूर्व की तरह रहने दिया जाए। इस मौके पर टीका सैनी, मनप्रीत सिंह, अरुण कुमार शर्मा, परमजीत सिंह, दिलबाग सिंह, राजवीर मिश्रा, प्रताप विर्क, संदीप सिंह संजय रावल, रुपेन्द्र सिंह आदि थे।