काशीपुर। एक घर में संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव 3-4 दिन पुराना बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
मोहल्ला अल्ली खां स्थित अहाते के सामने वाली गली निवासी ऊर्जा निगम में लाइनमैन रहे रहमत अली के बेटे यूसुफ (45) का शव रविवार दोपहर को घर में पड़ा मिला। मोहल्ले वालों के अनुसार लगभग तीन दिन से यूसुफ अपने घर से नहीं निकला था। घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने इसकी सूचना उसके बहनोई इब्राहिम निवासी मोहल्ला अल्ली खां को दी। उसे बताया कि ऊपरी मंजिल के कमरे की खिड़की से युसूफ का सिर नजर आ रहा है लेकिन कोई गतिविधि नहीं हो रही है और ढेरों मक्खियां भिनभिना रही हैं।
सूचना पर इब्राहिम मौके पर पहुंचे और घर का दरवाजा खोलकर देखा तो वह खिड़की के पास यूसूफ मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना पर बांसफोड़ान चौकी प्रभारी मनोज धोनी टीम के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मोहल्लेवासियों ने बताया कि यूसुफ नशे का आदी था। एसआई धोनी ने आशंका जताई कि नशे की ओवरडोज के कारण उसकी मौत हुई होगी। घटना के समय मृतक के माता-पिता सीतापुर गए हुए थे। शव 3-4 दिन पुराना लग रहा है।
इब्राहिम ने बताया कि मृतक की पत्नी, एक बेटा व एक बेटा बीते कई वर्षों से मायके में रह रहे हैं। मृतक दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। घटना की सूचना मोहल्लेवासियों ने परिजनों को सीतापुर दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक परिजन काशीपुर नहीं पहुंचे थे।
नशे की लत में छोड़ दी मीटर रीडर की नौकरी
मृतक युसूफ अली ऊर्जा निगम में मीटर रीडर की नौकरी करता था। क्षेत्रवासियों ने बताया बीते कई साल से वह नशे की लत में पड़ गया था। इसके चलते उसने मीटर रीडर की नौकरी भी छोड़ दी थी। बताया जा रहा है वह बहुत अधिक नशा करता था जिसके कारण उसकी पत्नी भी उसको छोड़कर चली गई।
पिता का इलाज कराने सीतापुर गए हैं परिजन
पड़ोसियों ने बताया कि मृतक युसूफ के पिता बीमार चल रहे हैं। उनका यूपी के सीतापुर से इलाज चल रहा है। परिजन मुहर्रम से पहले सीतापुर चले गए थे, घर पर युसूफ अकेले ही रह रहा था।
3-4 दिन पहले दूध वाले को किया था मना
मोहल्लेवासियों ने बताया कि 3-4 दिन पहले उन लोगों ने युसूफ को सही हालत में देखा था। जो व्यक्ति उनके घर दूध देता था, उसको युसूफ मना कर रहा था कि अभी दूध मत देना घर पर कोई नहीं है। मैं अकेले रह रहा हूं। इसके बाद से किसी ने उसको नहीं देखा।