रुद्रपुर। होली के त्योहार को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए रामनगर से हावड़ा के लिए एक जोड़ी साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन रामनगर से प्रत्येक शुक्रवार 16 व 23 फरवरी के अलावा 2 व 9 मार्च को हावड़ा के लिए रवाना होगी। हावड़ा से ट्रेन प्रत्येक रविवार 18 व 25 फरवरी के अलावा 4 व 11 मार्च को चलाई जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार रामनगर-हावड़ा साप्ताहिक विशेष ट्रेन रामनगर से शाम 6:15 बजे रवाना होगी। यह काशीपुर (6:40 बजे), पंतनगर (8:17) बजे, किच्छा (20:32 बजे), बहेड़ी, बरेली, गोरखपुर, गोंडा, बस्ती, सोनपुर, हाजीपुर होते हुए तीसरे दिन सुबह 7:10 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
वापसी में विशेष ट्रेन हावड़ा से सुबह 8:35 बजे रामनगर के लिए प्रस्थान करेगी, जो विभिन्न स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन शाम को 4:45 बजे रामनगर पहुंचेगी। जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि विशेष ट्रेन में शयनयान श्रेणी के छह, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक और एसएलआरडी के दो कोच सहित कुल 16 कोच होंगे।