रुद्रपुर। अधिकारी, कर्मचारियों की कमी से जूझ रही यातायात पुलिस के 15 कार्मिकों को चारधाम, पूर्णागिरि मेले और गंगा दशहरा मेले में ड्यूटी के लिए भेजा गया है। इसका असर यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है। यातायात पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार चार एएसआई, दो हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबलों की चार धाम यात्रा में ड्यूटी लगी है। एक एएसआई, एक-एक हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल की पूर्णागिरि मेले में ड्यूटी लगी है। एक-एक एएसआई, हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबलों को हरिद्वार के गंगा दशहरा मेले में ड्यूटी के लिए भेजा गया है।
बात यातायात पुलिस के सर्किल में अधिकारी, कर्मचारियों की तैनाती की करें तो सर्किल में सात एएसआई और 15 कांस्टेबलों के पद रिक्त हैं। सर्किल में रुद्रपुर महानगर के साथ ही पंतनगर, किच्छा और खटीमा नगर भी आते हैं।
यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार आर्या का कहना है कि चार धाम और पूर्णागिरि में एक-एक महीने के लिए ड्यूटी लगती है। हरिद्वार का गंगा दशहरा मेला एक ही दिन का होता है। दशहरा मेेले में गए कार्मिक शनिवार तक लौट आएंगे।