खटीमा। पुलिस ने चोरी की 13 बाइकों के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। रविवार को सीओ मनोज कुमार ठाकुर ने कोतवाली में बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया। खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी ने ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। जांच में सामने आया कि ये बदमाश चोरी की बाइकें भारामल के जंगल में छिपाते थे।
क्षेत्र में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी और सीओ ने कोतवाल नरेश चौहान के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की। टीम ने नगर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। शनिवार देर शाम मेलाघाट रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास एक बाइक सवार को संदेह के आधार पर रोका गया। वह बाइक के दस्तावेज नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछताछ में पता लगा कि यह बाइक चोरी की है। युवक ने अपना नाम विनीत सिंह निवासी मोहम्मदपुर थाना बिलसंडा जिला पीलीभीत तथा हाल निवासी छोटी बगुलिया थाना झनकईया बताया।
उसकी निशानदेही पर उसके साझीदार रामवीर कश्यप निवासी छोटी बगुलिया झनकईया के घर से खटीमा क्षेत्र से चोरी की गई चार बाइकें बरामद हुईं। इन दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और इनकी निशानदेही पर जनपद नैनीताल, चंपावत और बरेली, पीलीभीत से चुराई गई आठ बाइकें भारामल के घने जंगल से बरामद की गईं। सीओ ने बताया कि चोरी की इन बाइकों के केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इनमें खटीमा की पांच, सितारगंज की एक, ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर की एक, हल्द्वानी की एक, टनकपुर की दो, बरेली की दो तथा पीलीभीत की एक बाइक बरामद हुई है।
विनीत भीड़ वाले स्थानों से चोरी करता था बाइक
खटीमा। बाइक चोरी का मास्टरमाइंड विनीत सिंह भीड़ वाली जगह से बाइक में हाथ साफ करता था और अपने साथी रामवीर कश्यप के घर पहुंचाता था। जहां से रामवीर चोरी की बाइकों को बेचने का काम करता था। विनीत ने पुलिस को बताया कि वह दो साल से बाइक चोरी का धंधा कर रहा है। चोरी की बाइकों में एक विशेष कंपनी की बाइकें अधिक हैं।
पुलिस की चोरी बाइक भी हुई बरामद
खटीमा। चोरी की 13 बाइकों में एक बाइक पुलिस जवान की भी बरामद हुई है। गारद ड्यूटी में बैंक ऑफ बड़ौदा में तैनात सिपाही भूपेंद्र सिंह की बाइक आठ अक्तूबर 2020 को बैंक के आगे से चोरी हो गई थी।
खटीमा से चोरी हुई बरामद बाइकें
-यूूके03एएच-9012, यूके06एसी-9578, यूके06क्यू-8003, यकूू03सीए-7895 तथा एक बिना नंबर की है।
अन्य स्थानों से चोरी हुई बरामद बाइक
- यूके06एन-0776, यूपी25बीवाई-2628, एचआर51बीए-1655, यूके03बी-5099, यूके06एओ-3448, यूके04वी-1476, यूके03बी-1813 तथा एक बिना नंबर की सुपर स्पलेंडर है।