टिबड़ी में झारखंड की युवती को बंधक बनाकर गैंगरेप करने के आरोपियों की डीएनए जांच के लिए शनिवार को उनके ब्लड सैंपल लिए गए। रानीपुर पुलिस ने पांचों आरोपियों के रोशनाबाद जेल से ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए देहरादून फोरेंसिक लैब भेज दिए हैं।
15 मई को टिबड़ी में झारखंड की युवती से सामूहिक बलात्कार की घटना हुई थी। युवती को झारखंड से जिस्मफरोशी के लिए पहले दिल्ली और फिर हरिद्वार भेजा गया था। रानीपुर पुलिस ने इस केस में उत्तरी हरिद्वार निवासी सेक्स रैकेट संचालिका सुनीता और उसके पति राम कुमार को गिरफ्तार किया था।
साथ ही सुनीता के कथित पति ललित निवासी शाहदरा भी धरा गया था। पुलिस ने जांच के दौरान लक्ष्मी नगर निवासी गीता मौसी को भी गिरफ्तार किया था। आरोप है कि गीता मौसी दिल्ली में सेक्स रैकेट चलाती है और गीता मौसी ने ही युवती को 45,000 की रकम लेकर जिस्मफरोशी के लिए हरिद्वार भेजा था।
बंधक बनाकर किया बलात्कार
यहां युवती को बंधक बनाकर उसके साथ बलात्कार किया गया। इस मामले में पुलिस ने अहबाब नगर निवासी पांच युवकों को गिरफ्तार किया था। सीओ सदर राजेश भट्ट ने बताया कि युवती के कपड़ों पर पाए गए दाग-धब्बों की डीएनए जांच के लिए आरोपियों के ब्लड सैंपल लिए गए हैं। सैंपल लेकर देहरादून भेज दिए गए हैं। इस जांच के नतीजे पुख्ता सुबूत होंगे।