चंबा (टिहरी)। यूजीसी की तीन सदस्य टीम ने केंद्रीय विवि परिसर बादशाहीथौल में दिव्यांग छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को दी जाने वाली सुविधाओं का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) टीम के सदस्य प्रो़ बीआर बामनिया, प्रो़ लोकेश गुप्ता और प्रो़ नीतू थपलियाल ने शुक्रवार को विवि परिसर बादशाहीथौल में बने कक्षों, प्रयोगशाला, खेल मैदान, महिला-पुरुष छात्रावास, खेल विभाग, पुस्तकालय, निदेशक कार्यालय और परीक्षा हॉल का निरीक्षण किया।
यूजीसी टीम के सदस्यों ने परिसर के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों से वार्ता दिव्यांगों के लिए और सुविधाएं जुटाए जाने के सुझाव मांगें। टीम के सदस्यों ने बताया कि देश में 30 केंद्रीय विश्वविद्यालय निरीक्षण करने के बाद वह अपनी रिपोर्ट यूजीसी को देंगे। इस मौके पर परिसर के प्रभारी निदेशक प्रो़ एमएस नेगी, प्रो़ एनके अग्रवाल, प्रो़ एसके शर्मा, प्रो़ सुबोध कुमार, डॉ़ रविंद्र सिंह, डॉ़ दिनेश नेगी, हंसराज बिष्ट, आशुतोष बहुगुणा, केसी पेटवाल, राजकिशोर थपलियाल, लोकेश जोशी और सुदामा लाल आदि मौजूद थे।