एक घंटे तक आईटीबीपी के जवानों सहित कई वाहन फंसे
कंडीसौड़ (टिहरी)। ऋषिकेश- गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 पर थौलधार ब्लॉक मुख्यालय कंडीसौड़ के पास स्यांसू में मलबा उठा रही मशीन खराब होने से वहां जाम लग गया, जिससे वहां आईटीबीपी के जवानों सहित दर्जनों वाहन जाम में फंस गए। करीब एक घंटे बाद मशीन हटाने के बाद एनएच पर यातायात बहाल हो पाया।
रविवार दोपहर को राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यांसू के पास बीआरओ मशीन से सड़क किनारे पड़ा मलबा हटा रही थी। इस दौरान बीच सड़क पर मशीन खराब हो गई। काफी प्रयास करने के बाद जब ऑपरेटर मशीन को स्ट्रार्ट नहीं कर पाया, तो वह मशीन छोड़कर मैकेनिक को लेने के लिए कैंप चला गया। इस बीच वहां एनएच के दोनों ओर वाहनों की काफी लंबी कतार लग गई। इस दौरान वहां से गुजर रहा आईटीबीपी का वाहन भी जाम में फंस गया।
काफी देर तक जाम रहने से परेशान लोग जानकारी लेने के लिए मशीन के पास पहुंचे, तो वहां बीआरओ का एक भी कर्मचारी नहीं मिलने पर लोगों ने कंडीसौैड़ थाना पुलिस को सूचना दी। उसके बाद पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच रोड से किसी तरह मशीन हटाकर सवा घंटे बाद यातायात बहाल कराया। राजस्व निरीक्षक ओम प्रकाश नौटियाल और पुलिस उप निरीक्षक टीकम सिंह चौहान ने बताया कि मलबा हटा रही बीआरओ की मशीन में अचानक खराबी आ गई थी, लेकिन जाम लगने के कुछ देर बाद ही एनएच पर यातायात बहाल करा दिया गया था।