केंद्र संचालन के लिए एनजीओ, चैरिटेबल और व्यक्तिगत आवेदन मांगे गए हैं
नई टिहरी। स्वास्थ्य विभाग जन सामान्य को सस्ती जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए जिले में दर्जनभर से अधिक प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए जिला अस्पताल बौराड़ी और उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर सहित 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व 2 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में केंद्र स्थापित करने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अस्पताल परिसर में इसके लिए निशुल्क स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। प्रस्तावित केंद्रों में सीएचसी प्रतापनगर, चौंड, बेलेश्वर, पिलखी, देवप्रयाग, हिंडोलाखाल, कीर्तिनगर, चंबा, कंडीसौड़, थत्यूड़ तथा पीएचसी नंदगांव और नैनबाग शामिल हैं। विभाग ने एनजीओ, चैरिटेबल संस्थाओं और व्यक्तियों से आवेदन मांगे हैं। योजना सफल होने पर मरीजों को महंगी दवाइयों से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, पिछले अनुभवों के कारण योजना को लेकर संशय भी बना हुआ है। जिला अस्पताल बौराड़ी में पूर्व में जन औषधि केंद्र संचालित किया गया था, लेकिन पर्याप्त लाभ न होने के कारण इसका संचालन बंद हो गया था। माना गया कि सस्ती जेनेरिक दवाओं में कम मार्जिन होने से संचालन प्रभावित होता है। इसके बावजूद विभाग को उम्मीद है कि इस बार इच्छुक एनजीओ और संस्थाएं आगे आकर केंद्रों का संचालन करेंगी, जिससे मरीजों को सस्ती दवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र संचालन के लिए एनजीओ, चैरिटेबल और व्यक्तिगत रूप से आवेदन पत्र मांग गए हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के बाद ही केंद्र आवंटित किए जाएंगे। केंद्र संचालन के लिए अस्पताल में निशुल्क स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
- डॉ. श्याम विजय, सीएमओ टिहरी।