नरेंद्रनगर (टिहरी)। डीएम नितिका खंडेलवाल ने ग्राम ओणी के राजस्व ग्राम तलाई में धान की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ स्वयं धान की कटाई और मड़ाई कर उपज का जायजा लेकर किसानों से फसल की स्थिति,किस्म और बीज के संबंध में जानकारी ली।
राजस्व विभाग की ओर से कृषक जोत सिंह पुंडीर के खेत में प्लॉट तैयार कर क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया जिसमें 8 किलो 955 ग्राम धान प्राप्त हुआ। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फसल को सुखाने के बाद 15 दिन पश्चात उपज का वास्तविक आकलन किया जाएगा। प्रयोग से संबंधित आंकड़े सीसीई एग्री ऐप पर दर्ज किए गए।
डीएम ने अधिकारियों को क्रॉप कटिंग प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शिता और सटीकता से संपन्न कराने को कहा। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन का आकलन किया जाता है। इन आंकड़ों का उपयोग फसल क्षति की स्थिति में मुआवजा और फसल बीमा राशि निर्धारित करने में भी किया जाता है। इस मौके पर एसडीएम आशीष चंद्र घिल्डियाल,डीपीआरओ एमएम खान,एडीपीआरओ राकेश शर्मा,कानूनगो राय सिंह,राजस्व उप निरीक्षक विनोद राणा आदि मौजूद रहे। संवाद