नई टिहरी। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड भागीरथीपुरम समिति की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा के छठवें दिन मंगलवार को टीएचडीसी निदेशक एलपी जोशी और महाप्रबंधक डॉ़ एएन त्रिपाठी ने मां दुर्गा की मूर्ति की पूजा-अर्चना कर अनावरण किया। रात्रि कार्यक्रम में जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने मां दुर्गा के भजनों की प्रस्तुति दी।
टीएचडीसी इंडिया भागीरथीपुरम दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम में आचार्य खुशीराम रतूड़ी ने टीएचडीसी के अधिकारियों से विधिवत मां कात्यायनी की आराधना और पूजा करवाकर मां दुर्गा की मूर्ति का अनावरण करवाया। टीएचडीसी निदेशक ने मां दुर्गा से टिहरी बांध परियोजना की प्रगति और उत्थान कामना करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।
जागर सम्राट प्रीतम भतरवाण ने गणेश वंदना के साथ मां दुर्गा की स्तुति की। उन्होंने मां दुर्गा के जागर, भजन, पांडव नृत्य, शिव नृत्य और गढ़वाली गीत सरूली मेरू जिया लगिगे आदि गीतों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर महाप्रबंधक संदीप भटनागर, विजया जोशी, सुश्रृता त्रिपाठी, खुशीराम रतूड़ी, मुख्य महाप्रबंधक कोटेश्वर परियोजना एमके सिंह, महाप्रबंधक विजय सहगल, अपर महाप्रबंधक डीपी पात्रों, मनवीर सिंह नेगी, दीपक उनियाल, शेर सिंह रावत, देवी प्रसाद भट्ट, पुरुषोत्तम सिंह रावत आदि मौजूद थे।