नरेंद्रनगर (टिहरी)। सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की छठी सांस्कृतिक संध्या में गढ़वाली गीत नृत्य की धूम रही। प्रसिद्ध लोक गायक रजनीकांत, गायिका मंजू नौटियाल, अमरदीप नेगी और पूनम सती ने प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने लोकगीत नृत्य के साथ ही सामाजिक मुद्दों से जुड़े नाटक भी प्रस्तुत किए। श्वेता मेहरा ने शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी।
मंगलवार रात को लोक गायक रजनीकांत ने तेरा जलसा निराला जय मां चंडिका भवानी भक्ति से सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत की। उसके बाद उन्होंने दर्शकों की फरमाइस पर भी कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। उसके बाद प्रसिद्ध लोक गायक मंजू नौटियाल ने मंच संभाला। उन्होंने ऐ ब्बै मेरी कमर पीड़ा सहित कई गीत गाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
लोक गायिका पूनम सती ने मां भगवती कुंजापुरी की स्तुति और सुनीता मेरी रेशमा बांदा सहित कई गीतों की प्रस्तुति दी। श्वेता ने नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। सह कलाकार सैंडी गुसाईं, अंकित सेमवाल, रवि शाह, सह गायक शैलेंद्र पटवाल, सचिन सजवाण का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। संचालन प्रशांत गागोडिया ने किया। टीम में दल प्रबंधक गोविंद नेगी भी मौजूद रहे।
इस मौके पर वन मंत्री व मेला समिति के मुख्य संरक्षक सुबोध उनियाल, पालिका के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, साकेत बिजल्वाण, एसडीएम व मेला सचिव देवेंद्र सिंह नेगी, महेश गुसाईं, सूर्य प्रकाश जोशी, प्रकाशचंद्र ड्यूंडी, रमेश असवाल, संतोष राणा और चंद्रदेव नौटियाल आदि मौजूद थे।