नरेंद्रनगर ब्लॉक मुख्यालय फकोट में वरिष्ठ सहायक पद पर कार्यरत एक महिला कार्मिक को होम क्वारंटीन के बजाए इंस्टीट्यूशन क्वारंटीन किए जाने पर टिहरी विधायक ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आपदा प्रबंधन सचिव को पत्र लिखकर बीडीओ नरेंद्रनगर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आपदा प्रबंधन सचिव अमित नेगी को भेजे शिकायती पत्र में टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने बताया कि मंगलवार को फकोट ब्लॉक कार्यालय में कार्यरत एक महिला वरिष्ठ सहायक देहरादून से नरेंद्रनगर ड्यूटी ज्वाइन करने पहुंची। बीडीओ नरेंद्रनगर ने उन्हें नरेंद्रनगर में इंस्टीट्यूशन क्वारंटीन रहने के आदेश जारी किए, जबकि महिला कार्मिक ने एसडीएम नरेंद्रनगर को प्रार्थना पत्र देकर होम क्वारंटीन की मांग की। कहा कि इंस्टीट्यूशन क्वारंटीन ब्लॉक में कैंटीन नहीं है और न ही वहां कोई और लोग रहते हैं। ऐसे में क्वारंटीन भवन में अकेली महिला का रहना मुश्किल है। विधायक ने इस संबंध में डीएम से बात की, लेकिन उन्होंने मामले में संज्ञान नहीं लिया। अब यदि महिला कर्मी के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। वहीं एसडीएम युक्ता मिश्रा का कहना है कि अब महिला कर्मी को नरेंद्रनगर में होम क्वारंटीन किया गया है।