स्यांसू-गढ़वालगाड़ मोटर मार्ग निर्माण पर एक करोड़ खर्च होने के बावजूद गोदड़ी, क्यार्की और गढ़वालगाड़ के लोग सड़क से वंचित है। स्यांसू से भैंगा तक छह किमी आधी सड़क बनाकर लोनिवि ने उसे लावारिस छोड़ दिया है। अब शेष छह किमी सड़क निर्माण पूरा करने के लिए लोनिवि को एक करोड़ 47 लाख बजट की दरकार है।
टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर ब्लाक के गोदड़ी, क्यार्की और गढ़वालगाड़ को सड़क से जोड़ने के लिए सरकार ने 2006 में स्यांसू-गढ़वालगाड़ 12 किमी सड़क स्वीकृत की थी। कार्यदायी संस्था लोनिवि को सड़क निर्माण पूरा करने के लिए एक करोड़ 50 लाख की धनराशि जारी की गई थी, लेकिन काम पूरा नहीं किया। गैरी-बेथाणा-कोरदी मार्ग से आवागमन करने के लिए ग्रामीणों को गांव तक पहुंचने के लिए 12 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ईई केएस नेगी का कहना है कि स्यांयू-गढ़वालगाड़ मार्ग के शेष छह किमी सड़क निर्माण पूरा करने के लिए शासन को एक करोड़ 47 लाख का प्रस्ताव भेजा गया है।