अधिकारी-कर्मचारियों की जिम्मेदारियों की जानकारी ली
नरेंद्रनगर (टिहरी)। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को तहसील कार्यालय का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्रों को बताया गया कि सरकारी कार्यालयों में किस तरह कार्य किया जाता है। नगर क्षेत्र में स्थित पुस्तकालय पहुंचे छात्रों को वहां रखी गई पुस्तकों के बारे में बताया गया। एसडीएम ने कहा कि कोई भी लक्ष्य हासिल करने के लिए योजना तैयार की जाती है।
शुक्रवार को एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने आस-पास में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को तहसील कार्यालय भ्रमण कराया। एसडीएम ने छात्रों से कहा कि विभागीय कार्य सिस्टम और प्लानिंग से संचालित किए जाते हैं। शासन-प्रशासन की ओर से अधिकारी-कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाती है। भ्रमण में जीआईसी तपोवन, जीआईसी फकोट, जीआईसी नरेंद्रनगर, जीजीआईसी नरेंद्रनगर, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज धुआधार और जीआईसी श्री गुरु रामराय के कक्षा 10, 11 और 12वीं के कई छात्र-छात्राएं शामिल थे। इस मौके पर तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, प्रधानाचार्य आलोक गौतम, पूर्णिमा मिश्रा, अलख नारायण दुबे, रामगोपाल गंगवार और पंकज सिंह आदि मौजूद थे। संवाद