सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या प्राथमिक स्कूल के छात्रों के नाम रही। बच्चों ने देशभक्ति और गढ़वाली गीत और लोक संस्कृतियों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कुंजापुरी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने मेरी देश की धरती, सोना उगले, उगले हीरे मोती..., हम भारत के वीर जवान..., ऐ-वतन ऐ-वतन... और सुनों गौर से दुनियां वालों... जैसे देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। गुरुरामराय पब्लिक स्कूल के छात्रों ने राजस्थानी लोक नृत्य, ढ़ोलना मारो ढोलना..., मदर मिराकल स्कूल ऋषिकेश के छात्रों ने मुरली बाजेगी कन्हैया..., प्राथमिक स्कूल कुमारखेड़ा के नन्हें छात्रों ने गढ़वाली गीत अब लगलू मंडाण..., सरस्वती शिशु मंदिर नरेंद्रनगर के छात्रों ने जय हो गढ़वाल जय..., खेलो झुमैलो... और भलु लगदू मेरु मुलुक... आदि विभिन्न लोक संस्कृतियों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए मेला संरक्षक व कृषि मंत्री सुबोध उनियाल देर रात तक दर्शक दीर्घा में बैठकर कार्यक्रम का लुत्फ उठाते रहे। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, रमेश असवाल, पुष्पा राणा, कुसुम उनियाल, मोहनपाल उनियाल, नरपाल सिंह भंडारी, सभासद बसंती नेगी, मनवीर सिंह नेगी, आशा टम्टा, प्रधानाचार्य पंकज डियूंडी, विक्रम बत्र्वाल और सुमन गुप्ता आदि मौजूद थे।
मार्च पास्ट में श्री गुरुरामराय और कार्मल स्कूल रहे प्रथम
नरेंद्रनगर (टिहरी)। श्री कुंजापुरी मेले के शुभारंभ पर आयोजित प्रतिस्पर्धात्मक मार्चपास्ट, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के परिणाम घोषित किए गए। माध्यमिक स्तर पर आयोजित झांकी में जीजीआईसी नरेंद्रनगर प्रथम, गुरुरामराय द्वितीय, माउंट कार्मल एकेडमी तृतीय स्थान पर रहे। प्राथमिक वर्ग में सरस्वती शिशु मंदिर पहले, प्राथमिक स्कूल कुमारखेड़ा दूसरे और प्राथमिक स्कूल सिविल लाइन तीसरे स्थान पर रहे। प्राथमिक वर्ग के मार्च पास्ट में श्री गुरुरामराय स्कूल प्रथम, शिशु मंदिर द्वितीय रहे। माध्यमिक वर्ग में माउंट कार्मल प्रथम, गुरु रामराय द्वितीय और जीजीआईसी नरेंद्रनगर तृतीय स्थान पर रहा। प्राथमिक वर्ग की अनिवार्य व ऐच्छिक सांस्कृतिक प्रतियोगिता में गुरुरामराय स्कूल प्रथम, शिशु मंदिर द्वितीय, प्राथमिक स्कूल कुमारखेड़ा तृतीय स्थान पर रहा। ऐच्छिक वर्ग में शिशु मंदिर पहले, गुरुरामराय दूसरे, प्राथमिक स्कूल कुमारखेड़ा तीसरे स्थान पर रहा। संवाद
वॉलीबाल सेमीफाइनल में यूथ क्लब ने खेड़ा क्लब को हराया
नरेंद्रनगर (टिहरी)। मेले में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में सिटी क्लब ऋषिकेश ने सागर क्लब देहरादून को 25-3, 25-18 से हराया। दूसरे मैच में जबरन क्लब ने रॉकी क्लब को 29-27, 15-10 और 25-30 से हराया। क्वार्टर फाइनल में सागर क्लब ने मुजफ्फरनगर क्लब को 25-23 से हराया। दिल्ली और लखनऊ के बीच खेले गए मैच में दिल्ली ने लखनऊ को 25-15 से हराया। तीसरे मैच में जबरन क्लब ने रुद्रपुर क्लब को 25-18 से हराया। वॉलीबाल के सेमीफाइनल मैच में यूथ क्लब ने खेड़ा क्लब को 25-21 से हराया। वॉलीबाल मैच में प्रेम कंडारी, सनी रावत, सुखदेव बडोनी और अवतार सिंह रेफरी और अंजलि जेठुड़ी और सुमन गुप्ता स्कोरर रहे। कार्यक्रम का संचालन महेश गुसाईं ने किया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पवार, सभासद साकेत बिजल्वाण, मनवीर नेगी, उत्तम सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक प्रदीप पंत, प्रकाश डियूंडी, राजू भारती आदि मौजूद थे। संवाद