टिहरी की एसएसपी तृप्ति भट्ट को मिलेगा मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक।
- फोटो : NEW TEHRI
एसएसपी तृप्ति भट्ट को स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। स्मार्ट पुलिसिंग और मिशन हौसला के तहत कोविड काल में बेहतर कार्य करने और अवैध शराब तस्करी व ड्रग्स के खिलाफ सख्त अभियान चलाने पर उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। इससे पूर्व उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कई अवार्ड मिल चुके हैं।
वर्ष 2013 बैच की आईपीएस अधिकारी उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की निवासी तृप्ति भट्ट ने बहुत कम समय में पुलिस सेवा में नाम कमाया है। गत वर्ष 18 दिसंबर को उन्होंने एसएसपी टिहरी का कार्यभार ग्रहण किया था। इससे पूर्व उन्हें नेशनल यूथ आइकॉन अवार्ड 2018, स्कॉच अवार्ड 2019, फिक्की स्मार्ट पुलिसिंग अवार्ड 2020 और फेम इंडिया मैगजीन टॉप-50 आईपीएस इन इंडिया अवार्ड मिल चुका है। टिहरी में उन्होंने हैलो टिहरी सेवा भी शुरू की है। बीटेक मैकेनिकल इंजीनियर तृप्ति भट्ट ने पुलिस सेवा से पूर्व एनटीपीसी में बतौर असिस्टेंट मैनेजर भी कार्य किया था। उन्होंने दिल्ली और हैदराबाद में फुल मैराथन समेत हाफ मैराथन में भी प्रतिभाग किया।