टिहरी-घनसाली मोटर मार्ग पर असेना गदेरे में निर्माणाधीन मोटर पुल।
- फोटो : NEW TEHRI
भिलंगना ब्लॉक क्षेत्र के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। क्षेत्र के लोगों को अप्रैल प्रथम सप्ताह में असेना मोटर पुल की सौगात मिलेगी। पुल निर्माण के बाद असेना गदेरे के ऊपर वाहन सरपट दौड़ सकेंगे। बारिश के दिनों में असेना गदेरे में वाहन फंसने की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। पिछले दो साल से असेना में मोटर पुल निर्माणाधीन था, जो अब बनकर तैयार हो गया है। नए पुल से छोटे-बड़े सभी वाहनों का आसानी से आवागमन होगा।
बारिश में प्रतिवर्ष अगस्त, सितंबर में असेना गदेरा भिलंगना ब्लॉक के लोगों की मुसीबत बढ़ा देता था। गदेरे का जलस्तर बढ़ने से वहां वाहनों का आवागमन रुक जाता था। कई बार वाहन गदेरे में फंस जाते थे। कई बार वाहन में सवार लोगों को गदेरे का जलस्तर कम होने तक घंटों वहां इंतजार करना पड़ता था। नई टिहरी-घनसाली मोटर मार्ग पर 2013 की आपदा में असेना मोटर पुल बह गया था। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए तब वहां गदेरे में छोटे वाहनों के आवागमन के लिए बैली ब्रिज का निर्माण किया गया था। बड़े वाहनों को लगभग 50-60 मीटर घूमकर आना पड़ता है।
भिलंगना क्षेत्र के लोगों की समस्या को देखते हुए सरकार ने 2020 में असेना गदेरे में छह करोड़ 36 लाख की लागत से मोटर पुल की सौगात दी थी। 28 अक्तूबर 2020 से पुल निर्माण शुरू हुआ था, जो एक साल के अंदर बनकर तैयार हो जाना था। लेकिन कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के कारण पुल निर्माण में निर्धारित समय पर नहीं हो पाया।
कार्यदायी संस्था विश्व बैंक के ईई केएस रावत ने बताया कि असेना मोटर पुल का 95 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। अब सिर्फ स्लैब डालना रह गया है। आगामी 31 मार्च तक हर हाल में पुल निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। अप्रैल प्रथम सप्ताह में पुल से वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। असेना में मोटर पुल का निर्माण पूरा होने से चारधाम यात्रा पर जाने वाले वाहनों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। पुल निर्माण जल्द पूरा करने की मांग को लेकर भिलंगना क्षेत्र के लोग भी कार्यदायी संस्था पर दबाव बनाए हुए थे।