चंबा-धनोल्टी मार्ग पर बर्फ हटाती जेसीबी।
- फोटो : NEW TEHRI
धनोल्टी क्षेत्र के लिए बर्फबारी मुसीबत बन गई। चंबा-धनोल्टी मोटर मार्ग तीसरे दिन भी नहीं खुल पाया है। ग्रामीणों को बाजार और घर की दूरी पैदल ही तय करनी पड़ रही है। हालांकि शनिवार को तीसरे दिन बिजली की आपूर्ति बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
इस सीजन में धनोल्टी क्षेत्र में पांच बार बर्फबारी हो चुकी है। बर्फबारी और बारिश अब क्षेत्र के लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। तीन और चार फरवरी को भी धनोल्टी, काणाताला, कद्दूखाल, सुरकंडा क्षेत्र में जमकर बर्फबारी हुई है। पूरे क्षेत्र में दो से तीन फीट तक बर्फ पड़ी हुई है। बर्फबारी के कारण चंबा-धनोल्टी मोटर मार्ग तीन दिन से बाधित है। चंबा से बुरांशखंडा तक जेसीबी से बर्फ हटाकर सिंगल लेन सड़क को आज तक दिन खोल दिया गया है, लेकिन बुरांशखंडा से आगे पूरी तरह से सड़क बंद है।
वीकेंड पर शनिवार को सैलानियों ने बर्फ देखने के लिए धनोल्टी का रुख किया, लेकिन दिन तक काणाताल, कद्दूखाल आसपास भारी बर्फ सड़क पर जमा होने के कारण अधिकांश पर्यटक धनोल्टी नहीं पहुंच पाए। पर्यटकों ने काणाताल, कद्दूखाल, चोपडियाल गांव आसपास बर्फ में खेलकर लुत्फ उठाया। आपदा प्रबंधन कार्यालय से बताया गया कि चंबा-धनोल्टी मार्ग से बर्फ हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई है। चंबा से बुरांशखंडा तक सिंगल लेने मार्ग वाहनों के आवागमन के लिए खुल चुका है। शनिवार अपराह्न बाद तीन दिन बाद धनोल्टी और आसपास के क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।