कोटी कालोनी में टिहरी झील के किनारे रेत और पत्थरों का अवैध खनन का धंधा जोरों पर चल रहा है। शिकायत पर तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक जेसीबी और तीन ट्रक खड़े मिले जिन्हे एसडीएम ने सीज कर लिया है।
प्रशासन की टीम आने की भनक लगते ही खनन कारोबार में लगे लोग वहां से भाग निकले। कोटी कालोनी और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से झील किनारे रेत और पत्थरों का अवैध खनन हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की शह पर ही खनन का यह कारोबार चल रहा है। लोग प्रशासन से लगातार शिकायत करते रहे, लेकिन अधिकारियों ने उस तरफ मुंह फेरा हुआ था।
रविवार शाम 7 जब एसडीएम अभिषेक त्रिपाठी कोटी कालोनी झील किनारे पहुंचे तो वहां एक जेसीबी और तीन ट्रक खनन के लिए खड़े थे। मौके पर कोई नहीं मिला। एसडीएम त्रिपाठी ने बताया कि जेसीबी और ट्रकों को सीज कर दिया गया है।
उक्त वाहनों के मालिकों का पता कर उनके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से खनन करने वालों की सूचना देने की अपील की है।