नैनबाग (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत खरसोन का मुख्य सड़क बदहाल है। सड़क का डामर जगह-जगह उखड़ने से गड्ढे बन गए हैं। सड़क किनारे सुरक्षा दीवार नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना है। सुरक्षा दीवार नहीं होने से दोपहिया वाहन चालकों के साथ ही अन्य लोगों को आवागमन के दौरान दुर्घटना की आंशका सताती है।
स्थानीय निवासी मयंक बिज्लवाण ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए लोनिवि थत्यूड़ को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने सड़क पर गड्ढों की भराई के साथ किनारों पर पैराफिट लगाने और नालियां बनाने की मांग की है। खरसोन सड़क का निर्माण वर्ष 2006-07 में हुआ था। वर्ष 2019 में डामरीकरण किया गया।
वर्तमान में डामर जगह-जगह उखड़ गया है। कई बार गड्ढों में पेंच भराई की गई लेकिन बीते दिनों हुई बारिश के दौरान फिर से सड़क पर गड्ढे बन गए है। इस संबंध में लोनिवि के सहायक अभियंता मदन मोहन जोशी ने बताया कि खरसोन की सड़क को नवीनीकरण के प्रस्ताव में शामिल किया गया है। स्वीकृति मिलने पर सड़क मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।