नई टिहरी। विधायक किशोर उपाध्याय ने जल संस्थान को पिपली गांव के लोगों को पुरानी टिहरी के बांध विस्थापितों की भांति पानी की सुविधा देने को कहा है। इस संबंध में विधायक की ओर से जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि टीएचडीसी के साथ हुए समझौते के अनुसार पिपली गांव को भी सुविधा दी जाए।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह रावत के नेतृत्व में पिपली गांव के लोगों का प्रतिनिधिमंडल विधायक किशोर उपाध्याय को मिला। उन्होंने विधायक को ज्ञापन सौंपकर बताया कि जल संस्थान ने तहसीलदार के माध्यम से गांव के 62 लोगों को पानी का बिल जमा करने के लिए नोटिस भेजा है। उनके गांव के किसी भी परिवार ने कभी पानी का कनेक्शन लेने के लिए जल संस्थान में कोई आवेदन नहीं किया।
पुरानी टिहरी डूबने पर बांध प्रभावितों को नई टिहरी, बौराड़ी आसपास के क्षेत्रों में बसाने के लिए सड़क और आवासीय भवनों के निर्माण के दौरान उनके गांव का जल स्रोत और पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब टीएचडीसी ने उन्हें पानी की सुविधा उपलब्ध कराई और बिल जमा करने को लेकर कोई बात नहीं कही थी।
टीएचडीसी के साथ समझौता हुआ था कि बांध प्रभावितों की भांति सारज्यूला पट्टी के लोगों को भी सुविधाएं दी जाएगी। गांव के लोगों ने जब पानी का कनेक्शन लेने को आवेदन ही नहीं किया, तो बिल जमा करने के लिए नोटिस किस आधार पर भेजे जा रहे हैं। इस मौके पर ग्राम प्रशासक मुक्ता देवी, भीम सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।