लंबे इंतजार के बाद श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन ने प्राइवेट परीक्षा ऑन लाइन फार्म भरने की तिथि घोषित कर दी है। 25 फरवरी से ऑन लाइन फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पहले चरण में सिर्फ स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के फार्म भरे जाएंगे।
स्नातक के लिए परीक्षा शुल्क 1250 रुपये और स्नातकोत्तर के लिए 1450 रुपये निर्धारित किया गया है। परीक्षा शुल्क का भुगतान छात्र-छात्राएं अपने बैंक खाता या फिर भारतीय स्टेट बैंक के किसी भी शाखा से जमा कर सकते हैं।
श्रीदेव सुमन विवि से प्राइवेट परीक्षा फार्म भरने का लंबे समय से अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं। विवि प्रशासन ने पहले 15 फरवरी से परीक्षा फार्म ऑन लाइन भरने की तिथि घोषित की थी, लेकिन विवि के पोटल में तकनीकी दिक्कतें होने के चलते परीक्षा फार्म का फारमेंट वेबसाइट पर अपलोड नहीं हो पा रहा था।
मंगलवार को विवि प्रशासन ने 25 फरवरी से ऑन लाइन फार्म भरने की विधिवत घोषणा कर दी है।
विवि के कुलपति डा. यूएस रावत ने बताया कि दो दिन के अंतर्गत विवि की वेबसाइट पर फार्म ऑन लाइन छात्रों को उपलब्ध हो जाएंगे। बताया कि पहले चरण में सिर्फ बीए प्रथम, बीकॉम प्रथम, एमए प्रथम और एमकॉम प्रथम वर्ष के छात्रों के फार्म भरे जाएंगे।
स्नातक और स्नातकोत्तर द्वितीय और तृतीय वर्ष के कुछ कॉलेजों के बैक पेपर परीक्षा का परिणाम घोषित नहीं होने के कारण द्वितीय और तृतीय वर्ष के परीक्षा फार्म की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। 10 दिन के अंतर्गत सभी कॉलेजों के बैक पेपर परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।