पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरुगेशन ने जिले का भ्रमण कर अपराध और कानून व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैदी से काम करे। पुलिस का दायित्व है कि वह पीड़ित की बात को धैर्यपूर्वक सुनकर समस्या का निस्तारण करे।
बुधवार शाम को टिहरी भ्रमण पर आए पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधिकारी और जवानों की बैठक लेते हुए कहा कि आधुनिक समय में साइबर क्राइम बड़ी चुनौती के रूप में उभर रहा है। इसमें लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। साइबर अपराधी सुगम-दुर्गम क्षेत्र में सेंध लगा रहे हैं। इससे निपटने के लिए स्वयं के साथ ही लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं नियंत्रित करना भी पुलिस का मुख्य कार्यों में से एक है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी यातायात के नियमों को सख्ती से लागू करे। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताते हुए कहा कि ड्रग्स समाज के लिए अभिशाप बन रहा है। इस पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियुक्तों की गिरफ्तारी तक ही सीमित न होकर उसके स्रोत का पता लगाकर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस को आमजन के साथ सही व्यवहार करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर एसएसपी तृप्ति भट्ट, सीओ, थाना प्रभारी और पुलिस के जवान मौजूद थे।