नई टिहरी में अधिकारियों की बैठक लेते स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत।
- फोटो : NEW TEHRI
उच्च शिक्षा, सहकारिता, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डा. धन सिंह रावत ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से इस वित्तीय के लिए आवंटित धनराशि का केवल 38 फीसदी खर्च होने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए जिले के करीब ढाई लाख बच्चों के स्वास्थ्य देखभाल के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच स्वास्थ्य शिविर लगाने के लिए सीएमओ को निर्देश दिए।
मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री डा. रावत ने कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेते हुए विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए अस्पतालों में दवाई, उपकरण, कर्मियों की तैनाती आदि की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर तैनात चिकित्सकों के लिए आवास की व्यवस्था करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उपकेंद्रों के सुदृढ़ीकरण के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग से आगणन तैयार करवाने, विभिन्न मदों में मिली धनराशि को तीन माह में शत प्रतिशत खर्च करने के निर्देश दिए। मंत्री ने गर्भवती महिलाओं के लिए संचालित टोल फ्री नंबर 102, जंगली जानवरों के घायलों की जानकारी को जारी टोल फ्री नंबर 104 का व्यापक प्रचार करने, शुगर की बीमारी से ग्रसित मरीजों को मुफ्त इंसुलिन के टीके, मोतियाबिंद के रोगियों का मुफ्त में उपचार करने पर भी जोर दिया। कोविड-19 के दूसरी वैक्सीन की दूसरी डोज एक सप्ताह में शत प्रतिशत लोगों को लगाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सरकार लैब, एक्सरे टेक्नीशियन की कमी दूर करने जा रही है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर युवाओं को प्राथमिकता देते हुए उपनल के माध्यम से नियुक्तियां की जा रही है। सीएमओ डा. संजय जैन ने बताया कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में बच्चों के लिए 10-10 ऑक्सीजन युक्त बैड भी तैयार कर लिए गए हैं। इस मौके पर टिहरी विधायक धन सिंह नेगी, प्रतापनगर विधायक विजय सिंह पवार, सीडीओ नमामि बंसल, एडीएम रामजी शरण शर्मा, पूर्व प्रमुख जाखणीधार बेबी असवाल, सीएमएस जिला चिकित्सालय डा. अमित राय और सीएमएस नरेंद्रनगर डा. अनिल नेगी आदि मौजूद थे।
ओमिक्रॉन से बचाव के लिए बूस्टर डोज दे सरकार : भट्ट
नई टिहरी। उच्च न्यायालय नैनीताल की ओर से कोविड-19 के प्रसार की रोकथाम के लिए गठित जिला अनुश्रवण एवं निगरानी समिति के पूर्व सदस्य शांति प्रसाद भट्ट ने विश्व स्वास्थ्य संगठन की गाइडलाइन के अनुसार सभी लोगों को बूस्टर डोज देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 कोरोना वायरस का नया वेरियंट ओमिक्रॉन मिलने के बाद दुनिया भर के देशों को अपने नागरिकों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। संक्रमण की रोकथाम के लिए कई देशों ने कोविड की दोनों डोज देने के बाद अपने लोगों को बूस्टर डोज देनी शुरू कर दी है, लेकिन यहां अभी बूस्टर डोज पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेताओं को चुनावी सभा से बचकर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। संवाद