शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने, एमए की कक्षाएं शुरू करने सहित चार सूत्री मांगों को लेकर छह दिन से आंदोलनरत राजकीय महाविद्यालय नैनबाग के छात्रों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को मांग के समर्थन में छात्रों ने फिर से कॉलेज में तालाबंदी कर प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं होने दी। छात्र संघ अध्यक्ष राजमोहन सिंह रावत छठवें दिन भी भूख हड़ताल पर डटे रहे।
नैनबाग महाविद्यालय के छात्र एमए की कक्षाएं शुरू करने, बीए में गृह विज्ञान, शिक्षाशास्त्र और संस्कृत विषय स्वीकृत करने, राजनीतिशास्त्र और इतिहास विषय में शिक्षकों की नियुक्ति करने, फर्नीचर की मांग को लेकर 12 जुलाई से आंदोलनरत हैं। मांग पर कार्रवाई न होने से आक्रोशित छात्रों ने बुधवार को कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर फिर से तालाबंदी की। तालाबंदी के चलते महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया बाधित रही। छात्रों ने कहा जब तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हो जाती है, तब तक आंदोलन चलता रहेगा। धरना-प्रदर्शन में जयवीर कंडारी, सुमित नौटियाल, संजय रावत, विपिन, रितिका, मोनिका, अंजली आदि शामिल रहे।