क्षेत्र पंचायत जाखणीधार की बैठक में सदस्यों ने सड़क, बिजली, पानी से संबंधित समस्याओं का समाधान न होने पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से गांवों की झूलती बिजली लाइनों की मरम्मत न होने पर और सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहण की गई भूमि का मुआवजा नहीं मिलने पर लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है, जिस कारण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को जनता का आक्रोश झेलना पड़ रहा है।
ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को अधिकारी-कर्मचारी गंभीरता से लेकर उनके समाधान का प्रयास करें। बैठक में सदस्यों ने अपनी समस्याएं रखीं। प्रधान शुभम नेगी, बालकृष्ण रतूड़ी, कुशाल सिंह, सत्ये सिंह, बुद्धिराम जुयाल, गुलाबी देवी ने पिपलडाली-चाहगडोलिया, नवाकोट, जुगीयाणा, खोला, घोंटी पुल, म्यूंडा आदि मोटर मार्गों की खस्ताहाल स्थिति को सुधारने, ग्रामीणों का मुआवजा भुगतान करने की मांग की। ज्येष्ठ प्रमुख आशाराम थपलियाल, परमवीर पंवार, गौरव सजवाण, त्रिलोक बिष्ट, संगीता रावत ने बिजली की झूलती तारों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल बदलने, गांवों में बिजली की वंच केबिल लगाने की मांग की। पूर्णा मैठाणी, धर्म सिंह गुनसोला, दीवान सिंह, भगवती रतूड़ी ने पेयजल संबंधी समस्याओं का समाधान न होने पर रोष जताया। कहा कि लंबे समय से कोश्यारताल से पेयजल आपूर्ति सूचारू नहीं हो पा रही है, जिससे गर्मी में पानी का संकट बना है। हर्षमणी सेमवाल, जय सिंह, रणजीत भंडारी, रामप्रताप सेमवाल, प्रकाश लाल, शोभा बड़ोनी, लक्ष्मण सिंह नेगी आदि ने लंबे समय से मनरेगा में सामग्री अंश का भुगतान न होने पर रोष जताया। जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि मनरेगा के सामग्री अंश हेतु केंद्र सरकार से बजट मिलने वाला है। ऐसे सामग्री अंश से संबंधित पत्रावाली को तैयार रखें। बैठक में कनिष्ठ प्रमुख अरविंद पंवार, जिला पंचायत सदस्य विनोद बिष्ट, प्रभाकर भट्ट, बबीता भट्ट, अरविंद पंवार, वीर सिंह पंवार, हरीष राणा, जमुना बड़ोनी, बीडीओ एसएस नेगी, डीएसओ अरूण वर्मा, जल संस्थान के ईई सतीश नौटियाल, जल निगम पीके कंसल, एसीएमओ डा. दीपा रूवाली आदि मौजूद थे।