भिलंगना ब्लाक के सौड़ गांव में दूसरे दिन भी चूल्हे नहीं जले। रोते-बिलखते परिजनों ने चालक की लापरवाही के कारण मारे गए पांचों लोगों का भिलंगना नदी में छैली घाट पर अंतिम संस्कार किया। घाट पर जब एक साथ पांच चिताएं जलाई गई, तो बड़ी संख्या में मौजूद वहां हर आंख नम हो गई।
बृहस्पतिवार को घनसाली-घुत्तू मोटर मार्ग पर पौखार के पास एक ओवरलोड यूटिलिटी खाई में गिर गई थी, जिससे वाहन में सवार आठ में से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चालक सहित तीन लोग घायल हो गए थे। एक ही गांव के पांच लोगों की मौत से वहां गांव में दूसरे दिन भी मातम पसरा रहा। रोते-बिलखते परिजनों को सांत्वना देने के लिए सौड़ गांव में लोगों का तांता लगा रहा। बृहस्पतिवार को दुर्घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए पिलखी अस्पताल भेजा था। शुक्रवार सुबह ग्रामीण शवों को पौखार ले गए। वहां पहुंचे रोते-बिलखते परिजनों ने अपनों को अंतिम विदाई दी। आसपास गांव से बड़ी संख्या में पहुंचे लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान जहां लोगों में पांच लोगों की मौत का दुख झलक रहा था, वहीं लापरवाह चालक के प्रति भी रोष देखा गया। लोगों ने कहा कि आए दिन हो रही वाहन दुर्घटनाएं रोकने के लिए पुलिस को थाना-चौकी स्थित बाजार से निकलने वाले वाहनों की चेकिंग करनी चाहिए। अंतिम संस्कार में विधायक शिक्त लाल शाह, जिला पंचायत सदस्य भजन सिंह रावत, पूर्व सदस्य केदार बर्त्वाल, सोहन लाल, अमित नौटियाल, यशवंत पंवार, अखिलेश नौटियाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे।
पुलिस ने चालक को भेजा जेल
घुत्तू मार्ग पर हुई वाहन दुर्घटना में घायल चालक बचन सिंह पुत्र गंगा सिंह निवासी ग्राम बडुवा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष सुखपाल सिंह मान ने बताया कि वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां बिठाने और वाहन चलाते समय शराब पीकर लापरवाही बरतने पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद चालक को सीजेएम की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी चालक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। संवाद