लंबगांव के खिट्टा गांव में पांडव लीला के मंचन के दौरान अभिनय करते पात्र।
- फोटो : NEW TEHRI
प्रतापनगर ब्लाक में भदूरा पट्टी के खिट्टा गांव में पांडव लीला का शुभारंभ किया गया है। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में स्थित देवी भगवती के प्रांगण भंगर तोक में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कलश शोभा यात्रा निकाली। बताया गया कि पांडव लीला का मंचन उत्तराखंड में सदियों से होता आया है। इस परंपरा को संरक्षित करने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है।
शुक्रवार शाम को खिट्टा गांव में शुरू हुई पांडव लीला में निकटवर्ती मंजखेत और खलड़गांव के ग्रामीणों ने मां भगवती के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद जल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने शिरकत कर क्षेत्र और प्रदेश की खुशहाली की मन्नतें मांगी। नौ दिनों तक गांव में पांडव लीला का मंचन किया जाएगा। पहले दिन कुरु राजवंश के राजकुमारों के जन्मोत्सव का भव्य मंचन किया गया। पांडव लीला में अर्जुन का किरदार विक्रम सिंह, युधिष्ठिर रामचंद्र सिंह, भीम का उम्मेद सिंह, नकुल नरेश और सहदेव का किरदार फूल सिंह निभा रहे हैं। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य संगीता देवी, प्रधान विजेंद्र सिंह, गोविंद रावत, पांडव लीला मंच संयोजक पंचम सिंह, शूरवीर रावत, गोविंद रावत, कमल सिंह, बचन सिंह, भगवान सिंह, सुंदर सिंह, मनमोद रावत, चंदन सिंह, पंचम सिंह और अर्जुन सिंह आदि मौजूद थे।