कंडीसौड़ (टिहरी)। नगुन पट्टी के पांच गांवों को जोड़ने वाली कांदला-कटखेत सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई। 16 किमी लंबी सड़क की स्थिति काफी दयनीय बनी है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाइक और कार से सड़क पर 16 किमी का सफर तय करने में एक से डेढ़ घंटे का वक्त लग जाता है। पूरे सड़क पर जगह-जगह गड्ढों की वजह से सफर करना जोखिम भरा बना हुआ है।
नगुन पट्टी के दरमाड़ी, महेड़ा, कौडू बड़ा, कौड़ू छोटा और कटखेत गांव के लिए 2012 में कांदला-कटखेत सड़क का निर्माण किया गया था। डामरीकरण और मरम्मत के अभाव में सड़क की स्थिति दयनीय है। गड्ढे में तब्दील हो चुकी सड़क पर राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। हर दस मीटर की दूरी पर गड्ढे बन हैं। गड्ढा मुक्त सड़कों के तमाम सरकारी दावों के बावजूद कांदला-कटखेत सड़क की हालत में सुधार नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
दरमाड़ी के प्रधान मनोज कुमार, महेड़ा के दिनेश कुमाईं, किरन देवी, गोविंद सिंह नेगी का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 2012 में इसका निर्माण किया गया था। सड़क पर बिछाया गया डामर अब पूरी तरह उखड़ चुका है, जिससे पूरे सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हैं।
सड़क पर गड्ढे होने से रात को अधिकांश लोग चोटिल हो रहे हैं। सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को गड्ढों की समस्या पर ध्यान देना चाहिए, जिससे लोगों को परेशानी से निजात मिल सके।
कांदला-कटखेत 16 किमी सड़क पर गड्ढे और पैच भरान करने को ठेकेदार को 15 दिन का समय दिया गया है। यदि तय तिथि तक कार्य पूर्ण नहीं किया गया, तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-आनंद सिंह बिष्ट, अवर अभियंता, पीएमजीएसवाई चंबा