थत्यूड़(टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक के जर्जर बने थत्यूड़-ढाणा मोटर मार्ग पर इन दिनों गड्ढे भरे जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मार्ग का हॉट मिक्स डामरीकरण करने की मांग की। थत्यूड़-ढाणा मोटर मार्ग थत्यूड़ ब्लॉक मुख्यालय का मुख्य मार्ग है। साथ ही यह थत्यूड़-कैंपटी मोटर मार्ग को भी जोड़ता है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वन विभाग के रेंज कार्यालय, जीआईसी, जीजीआईसी सहित दर्जनों स्कूल और अन्य संस्थान इसी मार्ग पर पड़ते हैं।
पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख महिपाल सिंह रावत, खेमराज भट्ट, सोमवारी लाल नौटियाल, व्यापार मंडल के अध्यक्ष अकबीर पंवार ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से मार्ग के हॉट मिक्स डामरीकरण, पैरापिट, नाली निर्माण की मांग कर रहे हैं लेकिन लोनिवि ध्यान देने को तैयार नहीं था लेकिन अब ग्रामीणों के संघर्ष से आखिरकार पैचवर्क का कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से सड़क का सुदृढ़ीकरण और हॉटमिक्स डामरीकरण की मांग की है। ईई लोकेश सारस्वत का कहना है कि सड़क सुदृढ़ीकरण, टाइल्स लगाने का इस्टीमेट शासन को भेजा गया है। वित्तीय स्वीकृति मिलने पर कार्य शुरू किया जाएगा। संवाद