गढ़वाली फिल्म ‘कन्यादान’ 15 अक्तूबर से नई टिहरी के त्रिहरि सिनेमा में प्रदर्शित की जाएगी। फिल्म के 21 अक्तूबर तक रोजाना तीन शो दिखाए जाएंगे। कन्यादान फिल्म में उत्तराखंड में व्याप्त छुआछूत और जातपात पर प्रहार कर समाज को संदेश देने का प्रयास किया गया है।
यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म के निर्माता निर्देशक देबू रावत ने कहा कि गढ़वाली में फिल्म बनाना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। क्योंकि फिल्म बनाने में लाखों रुपये खर्च होने के बाद रिटर्न की कोई गारंटी नहीं होती। इसके बावजूद वह बार-बार ऐसा जोखिम अपनी संस्कृति को संरक्षित करने के लिए उठाते हैं। फिल्म में गौरव गैरोला, शालिनी शाह, रमेश रावत, गीता उनियाल, रीता भंडारी, मदन डुकलान, रणवीर चौहान ने अभिनय किया। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश मीडिया कोआर्डिनेटर आकाश कृषाली, कांति उनियाल, अंकित गुप्ता, सोबन नेगी, मो. परवेज, मो. युनूस, गणेश जोशी और अनुपम भट्ट भी उपस्थित रहे।