नई टिहरी में मिठाई की दुकान का निरीक्षण करते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम।
- फोटो : NEW TEHRI
खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने दीपावली के त्योहार पर मिलावटखोरी रोकने के लिए नई टिहरी, बौराड़ी बाजार में चेकिंग अभियान चलाया। खाद्य पदार्थ बिक्री के लाइसेंस न होने पर चार दुकानदारों को मौके पर ही नोटिस थमाए गए। चार खाद्य पदार्थों के सैंपल भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
मंगलवार को जिला अभिहित अधिकारी एमएन जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रप्रकाश नेगी ने नई टिहरी, बौराड़ी, मोलधार, ढुंगीधार आदि क्षेत्रों में मिठाई, होटल, सब्जी, बेकरी और परचून की दुकानों का निरीक्षण किया। बताया कि खाने के होटलों और मिठाई की दुकानों पर खाद्य तेल का टीपीसी मीटर से जांच की गई। मानकों के अनुसार इसकी रीडिंग 25 से कम होनी चाहिए। सभी प्रतिष्ठानों में निर्धारित मात्रा में खाद्य तेल का प्रयोग करते हुए पाया गया। मिठाई, खाद्य तेल और मसाले के चार सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इसके अतिरिक्त मेडिकल स्टोरों पर भी औचक निरीक्षण कर दवाइयां और इंजेक्शनों की जांच की गई।