उत्तराखंड चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी संघ ने पांच सूत्री मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। वक्ताओं ने कहा कि मांगों पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन करेंगे।
रविवार को जीजीआईसी चंबा में आयोजित चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी संघ की बैठक जिलाध्यक्ष गीताराम नवानी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संघ 2017 से वंचित कर्मचारियों को एसीपी का भुगतान करने, जिले की वरिष्ठता सूची जारी करने, विशेष परिस्थिति के आधार पर चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों का स्थानांतरण करने, अन्य विभागों की भांति चतुर्थ श्रेणी से दफ्तरी के पदों पर पदोन्नति करने और चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों को जीपीएफ का अग्रिम भुगतान का अधिकार प्रधानाचार्य को देने की मांग की गई।
जिला महामंत्री रामचंद्र नेगी ने कहा कि सरकार उनकी मांगों की लगातार अनदेखी करती आ रही है, जिससे कर्मचारियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में मकान सिंह चौहान, महावीर सिंह सजवाण, बिरोजनी भट्ट, विनोद पंवार, चंद्र सिंह चौहान, भगवान सिंह रावत, महावीर सजवाण, मुरारी लाल, दर्शन लाल, शक्ति प्रसाद रतूड़ी, जय देव सिंह, वीरेंद्र उनियाल, विनोद सिंह, सोबन सिंह और मस्तराम आदि मौजूद थे।