रविवार रात को टिहरी और उत्तरकाशी जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राहत की बात यह है कि कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप का केंद्र बिंदु उत्तरकाशी जिले के धौंतरी क्षेत्र से सटे टिहरी जिले में नेरवी गांव और भिलंगना ब्लाक के गंगी के मध्य बताया गया है। बताया गया कि टिहरी में रात करीब 12.23 बजे पर 10 किमी की गहराई पर 3.2 और उसके बाद दो बजकर दो मिनट पर 3.8 रिक्टर स्केल की तीव्रता के झटके महसूस किए गए। लेकिन रात का समय होने के कारण बहुत कम लोगों को ही पता चल पाया। एडीएम रामजी शरण शर्मा ने बताया कि भूकंप के झटकों से जिलेभर में किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
वहीं उत्तरकाशी जिले में शनिवार रात 2.3 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। जिले के भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, बड़कोट, पुरोला, मोरी व धौंतरी क्षेत्रों में हल्के झटके महसूस किए गए है। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल गए। लोगों में रातभर दहशत बनी रही। स्थानीय निवासी गंगा प्रसाद कोठियाल ने कहा कि रात में अचानक गड़गड़ाहट की आवाज सुनाई दी। कमरे में टेबल पर रखा पानी का लोटा काफी देर तक हिलता रहा, जिससे उन्हें भूकंप का अहसास हुआ। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि भूकंप से जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। भूकंप का केंद्र टिहरी में था।