लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में तेजी लाएं बैंक
नई टिहरी। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय पुनरीक्षण समन्वय समिति, डीसीसी और आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक में बैंकों को लक्ष्यों की प्राप्ति समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि कुछ बैंक ऋण वितरण में अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रहे हैं जिससे लाभार्थी समय पर सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
कलेक्ट्रेट में बुधवार को आयोजित बैठक में विधायक किशोर उपाध्याय ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की जरूरत बताई। उन्होंने एप्पल मिशन, कीवी और बागवानी को क्लस्टर आधारित मॉडल पर संचालित करने, हितधारकों को बैठकों में शामिल करने और सब्सिडी आधारित स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को त्वरित ऋण उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।
बैठक में डीएम ने बैंकों से वित्तीय साक्षरता शिविरों, डिजिटल बैंकिंग, वार्षिक ऋण योजना की प्रगति, ऋण-जमा अनुपात और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं में ऋण आवंटन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं के लिए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे किए जाएं। प्रत्येक गांव में जीपीडीपी बैठकों के दौरान शिविर लगाने, इसकी सूचना जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने और लाभार्थियों का पूरा विवरण साझा करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, वीरचंद्र सिंह गढ़वाली योजना, पीएम सुरक्षा योजना, दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, पीडी डीआरडीए पीएस चौहान, एलडीएम मनीष मिश्रा, डीएचओ अरविंद शर्मा, सभासद विजय कठैत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामलाल नौटियाल आदि मौजूद रहे।