फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tehri News: बूढ़ाकेदार के झाला में बादल फटने से धर्मगंगा उफनाई

Fri, 27 Sep 2024 03:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, टिहरी
विज्ञापन
विज्ञापन
घनसाली (टिहरी)। आपदा प्रभावित क्षेत्र बूढ़ाकेदार के झाला में बादल फटने से धर्मगंगा एक बार फिर उफान पर आ गई, जिससे बूढ़ाकेदार-पिंस्वाड़ मोटर मार्ग पर किया जा रहा मरम्मत कार्य और एक पोकलेन मशीन बह गई। हालांकि एक पोकलेन मशीन को बहने से बचा लिया गया। देर रात को हुई मूसलाधार बारिश से भयभीत ग्रामीण रात को अपने घरों से बाहर निकल गए। वहीं बूढ़ाकेदार-पिंस्वाड़ मोटर मार्ग फिर बाधित होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई है।
विज्ञापन

बुधवार रात को भिलंगना ब्लाॅक के बूढ़ाकेदार क्षेत्र में बारिश होने से झाला के कोट गदेरे में बादल फट गया, जिससे गदेरे से मलबा बहकर नदी में जा गिरा। धर्मगंगा का जलस्तर बढ़ने से बूढ़ाकेदार क्षेत्र के ग्रामीण फिर से दहशत में आ गए। क्षेत्र में 26-27 जुलाई को तेज बारिश होने से खूब तबाही मच गई थी।
बुधवार रात को भी क्षेत्र में तेज बारिश होने से ग्रामीण भयभीत हो गए। क्षेत्र के प्रधान सनोप सिंह राणा और भूपेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि बुधवार रात करीब एक बजे क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हुई। आपदा के खौफ में जी रहे ग्रामीण रात को अपने घरों से बाहर निकल गए। क्षेत्र में 26-27 जुलाई की रात को भी भारी बारिश होने से तबाही मच गई थी। उन्होंने बताया कि झाला क्षेत्र में बादल फटने से धर्मगंगा नदी उफान पर आ गई, जिससे बृहस्पतिवार तड़के बूढ़ाकेदार-पिंस्वाड़ मोटर मार्ग के मरम्मत कार्य में लगी एक पोकलेन मशीन नदी में बहकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि दूसरी को समय रहते बचा लिया गया।
विज्ञापन

नदी के उफान पर आने से बूढ़ाकेदार-पिंस्वाड़ मोटर मार्ग पर चल रहा मरम्मत कार्य भी क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार विरम सिंह पंवार ने कहा कि ऊपरी क्षेत्र में बादल फटने से निर्माणाधीन बूढ़ाकेदार-पिंस्वाड़ मोटर मार्ग का कुछ हिस्सा बह गया। नदी के उफान पर आने से नदी में फंसी एक पोकलेन मशीन भी क्षतिग्रस्त हो गई।



बूढ़ाकेदार-पिंस्वाड़ सड़क फिर आपदा की भेंट चढ़ गई
विवाह का सीजन शुरू होने से पहले यातायात शुरू करने की मांग
घनसाली(टिहरी)। भिलंगना ब्लाॅक के बूढ़ाकेदार क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण सीमांत क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें फिर बढ़ गई है। क्षेत्र में 26-27 जुलाई को आई आपदा से बूढाकेदार-पिंस्वाड़ मोटर मार्ग कई जगहों पर क्षतिग्रस्त होकर नदी में बह गया था, जिससे 30 किमी मोटर मार्ग पर आवाजाही अभी तक दो माह बाद भी शुरू नहीं हो पाई है।
कुछ दिन बारिश थमने के बाद सड़क का मरम्मत कार्य किया जा रहा था, लेकिन बुधवार रात को हुई तेज बारिश के कारण धर्मगंगा के उफान पर आने से मार्ग पर चल रहा मरम्मत कार्य आपदा की भेंट चढ़ गया। इससे ग्रामीणों को अभी और लंबे समय तक पैदल ही नापना पड़ेगा। क्षेत्र के हिम्मत सिंह रौतेला, सतीश रतूड़ी, सुरेंद्र सिंह और भरत सिंह ने कहा कि अब शादियों का सीजन शुरू होने वाला है।
भिलंगना ब्लाॅक के सीमांत क्षेत्र अगुंडा, पिंस्वाड़ और विशन आदि गांव में कई शादियां तय है। सड़क का मरम्मत कार्य जल्द पूरा नहीं किया जाता है, तो ग्रामीणों के सामने राशन और सामान गांव पहुुंचाना खासा मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने विभाग से सड़क का मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर यातायात बहाल करने की मांग की है। इस बाबत एसडीएम अपूर्वा सिंह ने कहा कि पीएमजीएसवाई को सड़क पर यातायात जल्द बहाल करने को कहा गया है। संवाद



आपदा से बंद सड़कें जल्द सुचारू करने का प्रयास जारी हैं : एसई
घनसाली (टिहरी)। आपदाग्रस्त बूढ़ाकेदार क्षेत्र में पहुंचे पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता अरुण नेगी ने नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर बढ़ने से बूढ़ाकेदार बाजार के पास स्थित सड़क का कुछ हिस्सा नदी में बह गया है। भू-कटाव होने से झाला में भी करीब 50 मीटर सड़क नदी में बह गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हुई तेज बारिश से सड़कों को काफी नुकसान हो गया है। बूढ़ाकेदार-पिंस्वाड़ मोटर मार्ग को प्राथमिकता से खोलने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। अन्य सड़कों पर भी मरम्मत कार्य तेजी से करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि आपदा से बंद सभी सड़कों पर जल्द यातायात बहाल करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर अधिशासी अभियंता पवन कुमार, एमएस बिष्ट आदि मौजूद थे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें