नई टिहरी में मांगों को लेकर रैली निकालते सीटू से जुड़ी यूनियन के सदस्य।
- फोटो : NEW TEHRI
सीटू से संबद्ध उत्तराखंड किसान सभा, भोजन माता कामगार यूनियन और ग्राम प्रहरी यूनियन से जुड़े लोगों ने न्यूनतम वेतनमान लागू करने, मनरेगा में दो सौ दिन का रोजगार देने और 600 रुपये मजदूरी देने सहित लंबित मांगों को लेकर जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सीटू से जुड़े विभिन्न ट्रेड यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुमन पार्क में एकत्रित हुए। वहां से नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रधानमंत्री को भेजे ज्ञापन में श्रम कानून में किए गए संशोधन वापस लेने, कृषि कानून वापस लेने और विद्युत संशोधन अधिनियम 2020 को रद्द करने की मांग की गई। कोविडकाल में सभी गैर आयकर परिवारों के खाते में 7500 रुपये की धनराशि देेने, प्रतिमाह में प्रत्येक व्यक्ति को 10 किलो राशन देेने, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य तेल के दाम में की गई वृद्धि वापस लेने, ग्राम प्रहरियों के लिए न्यूनतम वेतन लागू करने, यात्रा भत्ता देने, पूर्व की भांति ड्रेस देने, भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों में किसान सभा के जिला सचिव भगवान सिंह राणा, सीआईटीयू के जिला सचिव चिंतामणि थपलियाल, विशाल सिंह राणा, गुलाब सिंह कठैत, जोत सिंह नेगी, राजपाल सिंह चौहान, शेर सिंह राणा, चतर सिंह रांगड़, हीरामणि नौटियाल शामिल रहे।