टिहरी बांध प्रभावित रौलाकोट, भल्डियाना और गडोली के ग्रामीणों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। भूखंड आवंटन करने, पात्रता निर्धारण 2021 के आधार पर करने, टीएचडीसी में प्रभावितों को स्थायी रोजगार देने समेत अन्य मांगों को लेकर ग्रामीण रविवार को 12वें दिन भी धरने डटे रहे। जल्द ही समस्या समाधान न होने पर प्रभावितों ने आंदोलन की धार तेज करने की चेतावनी दी। मांग के समर्थन में प्रभावितों ने 25 नवंबर को नई टिहरी जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
संघर्ष समिति के संरक्षक सागर भंडारी के नेतृत्व में रविवार को गणेश चौक बौराड़ी में आंदोलनरत ग्रामीणों ने धरना दिया। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन पर बांध प्रभावितों की जन भावनों से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कहा कि समस्या के समाधान के लिए सिर्फ कोरे आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। धरना देने वालों में सब्बल सिंह धनाई, बुद्धि सिंह, पुरुषोत्तम रावत, शीशपाल बिष्ट, अजयपाल पंवार, रविंद्र रावत, राहुल रावत, बीएस पंवार, उर्मिला धनै, छटांगी देवी, बलमा देवी, रुशना देवी, सोना देवी, सुशीला, मीना, सुलोचना, बीना बैठी रही।