चंबा (टिहरी)। नगर पालिका ने नगर क्षेत्र के विकास की कवायद शुरू कर दी है। पालिकाध्यक्ष ने क्षेत्र की समस्याओं को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं की स्वीकृति प्रदान कर गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। पालिका क्षेत्र में सुरक्षा दीवार, नाली निर्माण और इंटर लॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए 50 लाख रुपये की योजनाओं की स्वीकृति प्रदान की गई है।
चंबा नगर पालिका क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में कई योजनाओं की स्वीकृति प्रदान की गई है। पालिकाध्यक्ष शोभनी धनोला ने बताया कि नगर क्षेत्र की योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 50.34 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें वार्ड नंबर एक मसूरी रोड सुमन काॅलोनी में नाली निर्माण, वार्ड तीन में नाले का निर्माण, वार्ड चार गजा रोड में सीसी कार्य, सुरक्षा दीवार का निर्माण और बुरांशबाड़ी में दीवार का निर्माण, वार्ड छह धरासू रोड में व्यापार सभागार के नीचे आरसीसी नारदाना निर्माण और ओपन जिम के पास सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा।
इसी तरह वार्ड नंबर आठ बादशाहीथौल में पोस्ट ऑफिस की तरफ और सहकारी बैंक की रोड सहित चार अलग-अलग रास्तों पर इंटरलॉकिंग सड़क मार्ग और नाली निर्माण कार्य के अलावा पालिका के आवासों का मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। अधिशासी अधिकारी प्रशांत कुमार चौधरी ने कहा कि कार्यों की निविदा जारी कर दी गई है। सभी कार्य जल्द शुरू कराए जाएंगे।