घनसाली (टिहरी)। घनसाली और बालगंगा तहसील में सरकारी वेबसाइट खराब पड़े होने पर खाता-खतौनी की नकल नहीं निकलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष जताया है। कहा कि खाता-खतौनी के अभाव में लोगों के आवश्यक प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं।
कांग्रेस के भिलंगना ब्लॉक इकाई अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद जोशी ने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों को लेकर संवेदनशील नहीं है। कहा पिछले 20 दिनों से अधिक समय से घनसाली और बालगंगा तहसील में खात-खतौनी निकालने वाली सरकारी साइड खराब होने से लोगों की खाता-खतौनी नहीं निकल पा रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों के जन्म, मृत्यु प्रमाणपत्र, श्रम कार्ड आदि जरूरी कागजात नहीं बन पा रहे हैं। कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार व्यवसाय वेबसाइट और अपनी सरकार अपना पोर्टल भी कई दिनों से बंद पड़ा है।
बालगंगा ब्लॉक इकाई अध्यक्ष जसवीर सिंह नेगी, विनोद लाल शाह, लाखीराम तिवाड़ी, मनोज तिवाड़ी, विजय राणा, विकास सेमवाल आदि मौजूद थे। इस बाबत घनसाली तहसीलदार हरीश जोशी ने बताया कि सर्वर डाउन चलने से खाता-खतौनी की नकल नहीं निकल पा रही है। ग्रामीणों की सुविधा के लिए भूलेख पोर्टल से खाता-खतौनी नकल निकालने की व्यवस्था की गई है, जिसके बाद राजस्व उपनिरीक्षक से नकल का सत्यापन करवाई जा सकती है, लेकिन नकल सत्यापन के लिए बिजली और पानी का बिल उपलब्ध करना जरूरी है।